Koria News: छात्रा पूजा पैकरा सुसाइड केस में फरार पिता-पुत्र की चल-अचल संपत्ति होगी कुर्क, भतीजी पर भी एफआईआर

बैकुंठपुर। 17 वर्षीय छात्रा पूजा पैंकरा की 8 जुलाई को आत्महत्या (Pooja Painkra Suicide case) मामले में कोरिया जिले की बैकुंठपुर पुलिस ने आईसी मार्ट (सुपर बाजार) बैकुंठपुर के संचालकों के खिलाफ कड़ा कदम उठाया है। आईसी मार्ट संचालकों द्वारा छात्रा पूजा व उसकी छोटी बहन पर चोरी का आरोप लगाकर उनकी स्कूटी छीन ली गई थी। प्रताडऩा से तंग पूजा पैकरा ने घातक कदम उठा लिया था। इस मामले में एक आरोपी विनोद वैद को राजस्थान से गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। जबकि पुलिस ने फरार आरोपी जगत कुमार वैद, उसके पुत्र दीपक वैद और भतीजी सारिका वैद पिता विनोद वैद निवासी फव्वारा चौक बैकुंठपुर के ऊपर 10 हजार रुपए का इनाम घोषित किया है। अब आरोपियों की चल-अचल संपत्ति कुर्की की कार्रवाई करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।



